UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने ग्रेटर आगरा परियोजना का शिलान्यास किया। बोले कि ग्रेटर आगरा बनेगा दूसरा नोएडा बनेगा। युद्ध से दुनिया में तबाही है, लेकिन भारत में सब सही है।
UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को आगरा पहुंचे, उन्होंने यहां आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की ग्रेटर आगरा परियोजना का शिलान्यास भूमि पूजन करके किया। मुख्यमंत्री ने आगरा को 6600 करोड़ रुपये की 125 परियोजनाओं की सौगात दी। योगी ने कहा कि ग्रेटर आगरा जल्द ही दूसरा नोएडा बनेगा। हमने जो मांगा, वो आपने दिया। अब आगरा से इन जनप्रतिनिधियों को जिताइए। आगरा के लिए जो मांगो, वो पाइए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। अभी जो युद्ध हो रहे हैं, उससे दुनियां में तबाही है। मगर भारत में सब सही है। उन्होंने कहा कि युद्ध की वजह से अमेरिका में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम चार गुना हो गए हैं, लेकिन भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं बढ़े हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे आगरा आने का कार्यक्रम का प्रस्तावित था, लेकिन मौसम खराब होने से करीब डेढ़ घंटे की देरी से आगरा पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी ने एत्मादपुर विधानसभा के गांव रहनकलां में 5142 करोड़ रुपये से विकसित हो रही ग्रेटर आगरा परियोजना का शिलान्यास किया। इससे पहले उन्होंने विधिवत भूमि पूजन किया। इसके साथ ही सीएम योगी ने 124 अन्य विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। उन्होंने आगरा की जनता को लगभग 6600 करोड़ रुपये की 125 परियोजनाओं की सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी ने जनता से कहा कि मैं डेढ़ बजे आगरा एयरपोर्ट पर आ गया था। यहां से मथुरा वृंदावन के लिए प्रस्थान किया तो मौसम खराब हो गया, जिससे आधे रास्ते से वापस आना पड़ा। मौसम भयंकर रूप से खराब हो गया था। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे तक में आगरा एयरपोर्ट पर ही रहा। मैं सोच रहा था कि लेट होने से ऐसा ना हो कि जब मैं मंच पर जाऊं तो मैं और जनप्रतिनिधि ही हों। सामने सब खाली ना रहे, लेकिन मैं आपके यहां पर डटे रहने के लिए आपका अभिनंदन भी करता हूं। आपका स्वागत भी करता हूं कि मेरे इतने लेट होने के बावजूद आपका का उत्साह कम नहीं हुआ है।

पर्यटन विकास की परियोजनाएं आएंगी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज यमुना मैया की कृपा है। यहां पवित्र नदियों के नाम पर आवासीय बड़ी परियोजना का शिलान्यस किया गया है। ये यहां के सांसद व केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल और लोकप्रिय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह की सकारात्मक सोच एवं सहयोग का परिणाम है। मुख्यमंत्री शहरी योजना के तहत नए शहर के विकास के लिए ग्रेटर आगरा के लिए इस वृहद भूमि का प्रस्ताव दिया। यह भूमि अभी तक बहुत कम उपज देती थी। ग्रेटर आगरा जल्द ही दूसरा नोएडा बनेगा। यहां पर कहीं पर्यटन विकास से जुड़ी परियोजनाएं आएंगी। कहीं पेयजल की योजनाएं आएंगी। कहीं अच्छी सड़के बनेंगी। कहीं पर कोई अन्य संस्थान आएगा। जनता के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर हॉस्पिटल बनेंगे। कहीं गौ रक्षा के कार्यक्रम होंगे। परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। आगरा स्मार्ट आगरा के साथ-साथ सेफ आगरा के रूप में भी अपने को स्थापित करेगा।
कई महानगरों से एयर कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमारे सभी नवरत्न इस बात के प्रमाण है कि आपने महापौर जिताया। जिला पंचायत अध्यक्ष जिताया। दो सांसद और नौ विधायक जिताए, जिससे ही आगरा में मेट्रो आ गई। मां यमुना के आंचल में गंगाजल यहां के लोगों को पीने के लिए मिल रहा है। कल्पना थी कि आगरा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी उपलब्ध करवाने के लिए सिविल टर्मिनल बन रहा है। मैं आज वहां पर देख रहा था कि एयर कनेक्टिविटी कई महानगर से बढी है। इससे लोग भी बेहद खुश थे।

कश्मीर में विधान, प्रधान और निशान एक
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि युद्ध की वजह से दुनिया के तमाम देशों में तबाही मची है। पेट्रोलियम पदार्थों के दाम आसमान पर हैं। पाकिस्तान तबाह है, लेकिन भारत में सबकुछ सही है। पेट्रोल और डीजल की कीमत नहीं बढ़ी है, इसके लिए पीएम मोदी ने एक्साइज ड्यूटी कम की। तेल कंपनियों को भी कहा है कि गरीब पर बड़ा असर ना हो। कश्मीर में धारा 370 समाप्त करके विकास का काम मोदी जी के नेतृत्व में हो रहा है। अब कश्मीर में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं, बल्कि भारत का प्रधानमंत्री ही कश्मीर का प्रधानमंत्री है। भारत का प्रधानमंत्री का संकल्प खुद देश में एक प्रधान, एक विधान और एक निशान रहेगा। जो बाबा साहब आंबेडकर जी का सपना साकार होगा।
माफिया को मिट्टी में मिलाया
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पांच सौ वर्षों के बाद अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि राम मंदिर का निर्माण हो गया। कल्पना करिए 1526 में संभल में हरिहर मंदिर को बाबर के तोड़ करके सनातन पर बड़ा हमला किया था। यह हमारा सौभाग्य है कि उसे फिर से पुनर्जीवित कर दिया गया है। फिर से 84 कोसी परिक्रमा के लिए हमारी सरकार ने पैसा दे दिया है। माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम भी यूपी सरकार ने किया। अब कोई राजू पाल और उमेश पाल की हत्या करने का साहस नहीं कर पाएगा। पिछली सरकार हर जिले में माफिया बनाती थी। उनका विकास से मतलब नहीं था। प्रदेश के नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। विकास का पिछली सरकारें पैसा हजम कर जाती थीं, लेकिन अब हजम नहीं, आपका विकास का पैसा विकास में लग रहा है। नौजवान को नौकरी मिल रही हैं। सुरक्षा पुख्ता है, विकास की नई-नई योजनाओं को लेकर के हम आ रहे हैं। यह सब हो पा रहा है और मैं यही कहने के लिए आया हूं कि जब विकास को अभाव के साथ करके सनातन की एकता को फिर से खंडित करना चाहते हैं।

यहां हाई राइज बिल्डिंग बनेंगी
योगी ने कहा कि ग्रेटर आगरा नाम पर आवासीय परियोजना में 10,000 से अधिक लोगों के लिए आवास मिलेगा। हाई राइज बिल्डिंग बनेंगी। गरीबों को आवास मिलेंगे। आगरा के पेठा को भी यहां की मिठास पहुंचाने का काम भी करेंगे। आगरा के एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम में आउंगा। अगर डीपीआर बन गई तो यमुना नदी पर रबर डैम के निर्माण के कार्यक्रम को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
Leave a comment